विद्या भारती, बिहार की क्षेत्रीय कार्यशाला संपन्न

लोक शिक्षा समिति, बिहार के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, किशनगंज में 29 जुलाई को विद्या भारती की तीन दिवसीय क्षेत्रीय छात्रावास कार्यकर्ता कार्यशाला–2026 संपन्न हुई। इस कार्यशाला में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रधानाचार्य, छात्रावास प्रमुख, समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहभागी बने।

अपने अध्यक्षीय आशीर्वचन में लोक शिक्षा समिति, बिहार के अध्यक्ष रामप्रकाश जी ने कहा कि छात्रावास केवल निवास की व्यवस्था नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति के निर्माण का सशक्त केंद्र है। उन्होंने नई शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप विद्यालयों एवं छात्रावासों को विकसित करने तथा भारतीय संस्कृति और जीवन-मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता प्रदेश सचिव रामलाल सिंह जी ने कहा कि शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। छात्रावास प्राचीन गुरुकुल परंपरा का आधुनिक स्वरूप हैं। विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें राष्ट्रनिर्माण के योग्य बनाना है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति को छात्रावास जीवन का आधार बताते हुए “सा विद्या या विमुक्तये” की भावना को प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में विकसित करने पर बल दिया।
उन्होंने कोरोना काल में विद्या भारती द्वारा किए गए सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए योग, व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री ख्याली राम जी तथा अखिल भारतीय अधिकारी डॉ किशन वीर शाक्य जी का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय द्वारा विद्या भारती को देश में चार सैनिक विद्यालयों के संचालन का दायित्व सौंपा जाना संगठन के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से छात्रावासों को संस्कार, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति के आदर्श केंद्र बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

 

Share This Article: