मदन दास देवी जी की स्मृति में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा

पटना (विसंके)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह सरकार्यवाह मदन दास देवी जी की स्मृति में रविवार को पटना के विजय निकेतन में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पटना महानगर इकाई द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में संघ विचार परिवार के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अपनी स्मृति साझा की।

सांसद , बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व अ. भा. विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री रह चुके सुशील कुमार मोदी ने मदन दास देवी जी के सानिध्य में अपने लंबे कार्यकाल का स्मरण करते हुए कहा कि मदन दास जी ने प्रसिद्धि से दूर रहते हुए कार्यकर्ता निर्माण का जो कार्य किया, वह अद्वितीय है। उनके सतत प्रयास से निर्मित कार्यकर्ता सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मदन दास देवी जी के बारे में देश की मीडिया को या सामान्य लोग बहुत कम ही जानते हैं लेकिन उनकी अंत्येष्टि में देश के सभी राज्यों के महत्वपूर्ण व्यक्तियों का एकत्रित होना, उनके विराट व्यक्तित्व और पुरुषार्थ का परिचय देता है। पूर्व विधान पार्षद, बिहार भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री व विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री हरेंद्र प्रताप पांडे ने कहा कि विद्यार्थी परिषद जैसे अखिल भारतीय संगठन में कार्यकर्ता निर्माण की संस्कृति को विकसित करने वाले मदन दास देवी जी ऐसे महापुरुष है जिन्होंने भारत को मजबूत बनाने में नींव के पत्थर की भूमिका निभाई है। उनके द्वारा तैयार कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं कई संगठनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख (बिहार – झारखंड) अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि मदन दास जी का जीवन एक संपूर्ण संगठन शास्त्र है। वे कार्यकर्ताओं की बात सुनते थे तथा उस पर अमल करने का एक प्रतिमान प्रस्तुत किया। जो कार्यकर्ता अपनी बात कहने में संकोच करते थे, वह उनकी भावना को भी पढ़ लेते थे। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित बिहार भाजपा के संगठन मंत्री भिखूभाई दलसानिया ने अपनी श्रद्धा निवेदित करते हुए कहा कि मदन दास जी के गुजरात प्रवास के दौरान उनके सानिध्य में रहने और सीखने का शुभ अवसर मुझे प्राप्त हुआ। गुजरात से उनका बहुत लगाव था। वह गुजराती में भी अपना बौद्धिक दे देते थे। कार्यकर्ताओं से उनका परिवार जैसा लगाव था। जब उन्हें मेरे बिहार संबंधित नए दायित्व की जानकारी मिली तब उन्होंने मुझे फोन किया। वे जाकर उनसे मिले। बिहार से उनका गहरा लगाया था। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व भाजपा नेता नंदकिशोर यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विधायक संजीव चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय संबंध के बारे में विस्तार से बताया। गंगा समग्र के राष्ट्रीय मंत्री रामाशंकर सिन्हा ने उनके जीवन वृत्त को विस्तार से बताया।

वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दक्षिण बिहार प्रांत संघचालक राजकुमार सिन्हा ने भी अपनी श्रद्धा निवेदित की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, विधान पार्षद देवेश कुमार, प्रमोद चंद्रवंशी व अनिल शर्मा, राधा मोहन शर्मा, राजेंद्र सिंह, अजीत शाश्वत चौबे, पटना महानगर भाजपा अध्यक्ष अभिषेक कुमार आदि उपस्थित थे

Share This Article: