देश के दूसरे सर्वश्रेष्ठ आवासीय विद्यालय की संचालन समिति गठित

देश के दूसरे सर्वश्रेष्ठ आवासीय विद्यालय के संचालक समिति का गठन किया गया है। इस मनोनयन का शिक्षाविदों और प्रबुद्धजनों ने स्वागत किया है।

पद्मश्री सम्मान से सम्मानित प्रख्यात चित्रकार प्रो श्याम शर्मा ने कहा है कि समिति में अनुभवी और वरिष्ठ शिक्षाविदों का चयन कर बिहार सरकार ने इस विद्यालय को एक नई ऊंचाई देने का प्रयास किया है। पद्मश्री विमल कुमार जैन ने कहा है कि सभी सदस्य अपने अनुभव और कार्यकुशलता से विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बिहार के जमुई में स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय भारत का दूसरा सबसे उत्कृष्ट आवासीय विद्यालय है। सिमुलतला को सी-फोर स्कूल रैंकिंग 2026 में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था। यह बिहार सरकार द्वारा संचालित एक सरकारी विद्यालय है, जिसे कभी बिहार की टॉपर्स फैक्ट्री भी कहा जाता था। इसकी स्थापना साल 2010 में हुई थी। यह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा था। विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होती है, विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के जरिए होता है। यहां सह शिक्षा की व्यवस्था है। प्रत्येक वर्ष कक्षा 6 में 120 बच्चों का चयन प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से किया जाता है। इसमें 60 लड़के और 60 लड़कियां होती हैं। झारखंड राज्य के गठन के बाद बिहार में नेतरहाट विद्यालय की शैली में यह आवासीय विद्यालय प्रारंभ किया गया था।

विद्या भारती बिहार क्षेत्र के संगठन मंत्री ख्यालीराम जी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन सदस्यों के शैक्षिक अनुभव एवं कार्यकुशलता से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित शैक्षिक वातावरण के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। विद्या भारती बिहार के क्षेत्र प्रचार-प्रसार संयोजक नवीन सिंह परमार ने भी इस मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह मनोनयन शिक्षाविदों की कार्यक्षमता और शैक्षिक योगदान के प्रति विश्वास का परिचायक है।

 

Share This Article: