केशव सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में बाल वैज्ञानिकों ने दिखलाया अपना कौशल

पटना के केशवपुरम स्थित केशव सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में 10 अगस्त को ज्ञान-विज्ञान मेला,2026 का आयोजन किया गया। इस विज्ञान, संगणक और गणित की प्रदर्शनी में बाल वैज्ञानिकों ने अपने अद्भुत प्रदर्शों से सबका मन मोह लिया। बाल वैज्ञानिकों के रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी जैसे प्रदर्शों (मॉडल) को देखकर सबलोग अचंभित थे।

शिशु (कक्षा 4-5), बाल (कक्षा 6-8), किशोर (कक्षा 9-10) एवं तरुण (कक्षा 11-12) वर्गों के विभिन्न विषयों पर विज्ञान के 140, गणित के 120 तथा कंप्यूटर के 57 प्रदर्शों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें कई चलंत तथा अनेक नवाचारी प्रदर्श शामिल थे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, विद्यालय के पूर्व छात्रों, एन.आई.टी. (पटना) तथा अन्य महाविद्यालयों के विज्ञान, गणित एवं संगणक के प्राध्यापकों, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने इस मेले में उपस्थित होकर बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया।

इस ज्ञान-विज्ञान मेले का उद्घाटन एन.आई.टी. के प्राध्यापक प्रो. ओम जी शुक्ला ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में मंच पर एन.आई.टी. के शोधार्थी हरि शंकर, नीरज कुशवाहा, विक्रम पाटिल, जितेंद्र, आई.टी. पेशेवर एवं पूर्व छात्र राकेश रमण तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य देवानंद दूरदर्शी उपस्थित थे।

इस अवसर पर बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए प्रो ओमजी शुक्ल ने सकारात्मक सोच के साथ समाज एवं देश की चुनौतियों का वैज्ञानिक नवाचारों द्वारा समाधान देने की अपील की। एन.आई.टी. के प्राध्यापकों एवं शोधकर्ताओं ने इस ज्ञान-विज्ञान मेले में निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों से कई प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने सम्यक् उत्तर दिया। निर्णायकगण बाल वैज्ञानिकों के प्रदर्शनों एवं उनकी क्षमता से अभिभूत दिखे।

Share This Article: