पटना के केशव विद्या मंदिर में युवा संवाद का कार्यक्रम किया गया| वंदना सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर – पूर्व क्षेत्र (बिहार – झारखण्ड) के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद ने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि मानने की बात कही। “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें” विषयक संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से नागरिक कर्तव्य बोध, राष्ट्र, समाज और परिवार के प्रति उत्तरदायित्व के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सम्पत्ति की रक्षा करना अपने देश से प्रेम करना है। युवाओं का जिज्ञासा का समाधान भी किया गया|
विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम, समय का सदुपयोग, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान बहुत ही आवश्यक है| हमारे प्रथम गुरु हमारे माता-पिता होते हैं। वास्तविक सुख परिवार से अलग होकर रहने में नहीं साथ मिलकर रहने में है। पर्व-त्यौहार इसका उदाहरण है| संस्कारों की शुरुआत परिवार से ही होती है| परिवार में आपसी सहयोग और प्रेम-भाव का वातावरण होना चाहिए| संस्कारित परिवार ही आदर्श समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है|
सामाजिक समरसता का आधार मानवता है। इसलिए सभी के साथ मिलकर रहना, प्रेम और सद्भाव से एक दुसरे का सम्मान करना, किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। हमें समाज को जोड़ना है और जरुरतमंद को सहयोग करना है।
वक्ताओं ने कहा कि संघ शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन पर जोड़ है। वास्तव में पंच परिवर्तन पर्यावरण का संरक्षण (वृक्ष लगाओ,जल बचाओ और प्लास्टिक हटाओ), स्व का भाव, नागरिक कर्तव्य बोध, सामाजिक समरसता और कुटुंब प्रबोध है। कार्यक्रम में पटना साहिब के भाग कार्यवाह रामानंद जी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य के देवानंद दूरदर्शी जी भी उपस्थित रहें।
