हिंदुत्व चिंतन ही विश्व शांति का आधार बनेगा – आलोक कुमार

प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति अनुशासन, कर्तव्य और समर्पण का दायित्वबोध कराना – आलोक कुमार

मुंगेर। 12 जून ( शुक्रवार )

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा मुंगेर में आयोजित कार्यकर्ता विकास वर्ग (सामान्य) प्रथम उत्तर-पूर्व क्षेत्र का आज समापन हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 23 मई से शुरू हुआ था जो मुंगेर स्थित पुरानीगंज के सरस्वती विद्या मंदिर में संपन्न हुआ। इस 20 दिवसीय वर्ग में — शिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसमें बिहार और झारखंड के सभी प्रांतों से 126 शिक्षार्थी शामिल थे।इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दक्षिण बिहार द्वारा गत 15 दिनों से आयोजित संघ शिक्षा वर्ग एवं घोष वर्ग से 229 शिक्षार्थी शामिल हुए! आज औपचारिक समापन हो गया। वही प्रकटी कार्यक्रम में स्वयं सेवकों ने योग, नियुद्ध, समता व शारिरिक प्रदशन किया|

इस वर्ग के समापन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने अपना उद्बोधन दिया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह वर्ग मात्र एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वयं को राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति अनुशासन और समर्पण का दायित्वबोध तथा कर्तव्यबोध कराने का माध्यम है। पुरातन काल मे देवताओं ने भी राक्षकों का सामना करने के लिए एक समूह में कार्य किये, जिसका उल्लेख वेदों में हैं! इस प्रशिक्षण के द्वारा व्यक्ति और समाज निर्माण की जो आधारशिला गढ़ी गई है उसे आगे जन-जन तक पहुंचाए जाने की आवश्यकता है, तभी पूरे विश्व में भारत माता का जय गान होगा। भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों, ज्ञान और मानवीय मूल्यों के साथ विश्व पटल पर सशक्त रूप से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने अपने उदबोधन मे कहा कि हिंदुत्व चिंतन परम्परा ही विश्व में शांति का आधार बन सकता है, आज विश्व पूंजीवाद,आतंकवाद से भयाक्रांत है, दुनिया के कई देश अपने वर्चस्व स्थापित के लिए वर्षो से युद्धरत हैं, रक्तपात मचा हुआ है । सम्पूर्ण विश्व मानवता की रक्षा के लिए भारत को अग्रणी भूमिका निभानी होगी ।
उन्होंने कहा कि संघ अपना शताब्दी वर्ष बना रहा है। संघ का कार्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज में परिवर्तन कर भारत को एक सक्षम सबल राष्ट्र के रूप में विश्व में पुनः प्रतिस्थापित करने का है। आज सम्पूर्ण विश्व में भारतीय चिंतन परम्परा की स्वीकार्यता बढ़ी है,संघ शताब्दी वर्ष का मूल विषय पंच परिवर्तन सामाजिक समरसता, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का जागरण एवं नागरिक कर्तव्य की चर्चा आज सर्वत्र प्रारम्भ हुई है। पंच परिवर्तन से ही व्यवस्था परिवर्तन साकार हो सकेगा, इसके लिए उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज मे निरंतर प्रभावी कार्य करने का आह्वान किया ।

मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेर के प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार शामिल हुए। उन्होंने कहा कि संघ हर वर्ष कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है। इस वर्ष मुंगेर के ऐतिहासिक धरा पर इसका आयोजन हम सबके लिए हर्ष और गौरव का क्षण है। राष्ट्रसेवा में लगे स्वयंसेवक समाज को संस्कारित और पल्लवित करते हैं।

समाज और संघ एकरस-समरस होकर गतिमान हो, इस उद्देश्य के लिए इस वर्ग का आयोजन किया गया था।इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद, क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख अरुण कुमार, क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख राणा प्रताप, क्षेत्र शारीरिक प्रमुख मनोज कुमार,उत्तर बिहार प्रान्त संघचालक प्रो राज किशोर सिंह,प्रान्त प्रचारक उमेश कुमार, सह प्रान्त प्रचारक आशीष रंजन, प्रान्त कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, सह प्रान्त कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त, विभाग संघचालक मा० अमरनाथ केशरी, विभाग प्रचारक श्री देवेन्द्र कुमार, जिला प्रचारक श्री अमरजीत कुमार समेत मुंगेर के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति भारी संख्या में उपस्थित रहे।

Share This Article: