पटना, 13 जनवरी। दशमेश गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 352वें प्रकाश पर्व पर राष्ट्रीय स्वमंसेवक संघ के सेवा विभाग, सेवा भारती और NMO के संयुक्त प्रयास से बिहार के 325 केंद्रों पर 35 हज़ार लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन सभी केंद्रों पर 350 प्रशिक्षित चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी। इनके साथ 952 मेडिकल के विद्यार्थी भी पूरी तत्परता के साथ जुटे थे। सेवा भारती के 2500 स्वयंसेवकों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे थे।
इन केंद्रों के माध्यम से 35 हज़ार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिए गए। केंद्रों पर मुफ्त में दवा का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए NMO के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विजेंद्र ने बताया कि बिहार से रुग्णता समाप्त करने के लिए बिहार का चिकित्सक समुदाय संकल्पित है। सरकार की अपनी सीमाएं हैं। समाज के माध्यम से प्रति वर्ष संस्था द्वारा यह कार्यक्रम किया जाता है। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि सेवा भारती के सहयोग के बिना इतना बड़ा कार्यक्रम कर पाना असंभव था। यह कार्यक्रम प्रति वर्ष चलेगा।