पटना, 15 जून। जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय, छपरा के परिसर से सरस्वती मां की प्रतिमा हटा दी गई। इसका मौखिक आदेश विश्वविद्यालय के कुल सचिव श्री कृष्ण यादव ने दिया। छपरा स्थित जय प्रकाश नारायण विश्वविद्यालय राज्य का एक प्रमुख विश्वविद्यालय है। छपरा की पहचान देश के प्रथम राष्ट्रपति डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद एवं प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी व आपातकालीन संघर्ष के केन्द्र बिंदु जय प्रकाश नारायण से है। छपरा को ज्ञानस्थली समझा जाता रहा है। ऐसे प्रमुख स्थान से सरस्वती मां की प्रतिमा हटाये जाने पर आम जन में रोष व्याप्त है। छपरा के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता एवं गंगा समग्र के प्रांत संयोजक अशोक सिंह ने इसे घृणित कार्य बताया है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से विश्वविद्यालय परिसर में यथाशीघ्र प्रतिमा लगाने की मांग की है। अन्यथा छपरा की जनता मजबूरी में कोई बड़ा कदम उठा सकती है।
