पटना (विसंके)। खगड़िया में 19-20 फरवरी, 2022 को हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिहार के 63वें प्रदेश अधिवेशन में डॉ. ममता कुमारी और अभिषेक यादव को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिहार प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री के रूप में सत्र 2021-22 के लिए निर्वाचित किया गया है ।
चुनाव अधिकारी डॉ. रमण त्रिवेदी ने चुनाव परिणामों के साथ जारी वक्तव्य में कहा कि दोनों पदाधिकारी 63वें प्रदेश अधिवेशन में अपना पदग्रहण किया एवं दोनों पदाधिकारियों का कार्यकाल एक वर्ष का होगा।
डॉ. ममता कुमारी बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से हैं। आपका संपर्क अभाविप में वर्ष 2012 से है। आपकी शिक्षा जंतु विज्ञान विषय में पीएचडी तक हुई है। वर्तमान में आप बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के राम दयालु सिंह महाविद्यालय में जंतु विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक हैं। आप नेशनल इनवायरमेंटल साइंस एकेडमी तथा एंटमोलॉजी एंड जूलॉजी स्टडीज के इंटरनेशनल जर्नल की संपादकीय बोर्ड की सदस्य हैं। आपके अनेकों पत्र प्रकाशित हुए हैं एवं आप दूरदर्शन में विषय विशेषज्ञ के रूप में सेवा देती हैं। आप बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर की सिनेट सदस्य हैं। आपने पूर्व में महानगर अध्यक्ष, जिला प्रमुख, विभाग प्रमुख जैसे विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। आप वर्ष 2018 से प्रदेश उपाध्यक्ष रहीं। आप इस वर्ष अभाविप बिहार प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष के लिए निर्वाचित हुई।
वहीँ अभिषेक यादव बिहार के मधेपुरा जिले से हैं। आपका सम्पर्क अभाविप में 2013से है। आपने भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय से बीसीए, एमसीए की डिग्री प्राप्त की है, और वर्तमान में BLIS अंतिम वर्ष के छात्र हैं। आपने अभाविप के पूर्व में टी.पी. कॉलेज अध्यक्ष, नगर मंत्री, प्रदेश कार्यकारी परिषद सदस्य, जिला संयोजक, विभाग संयोजक एवं प्रदेश सह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को सफलतापूर्वक निर्वहन किए हैं। आप इस वर्ष बिहार प्रदेश के प्रदेश मंत्री के रूप में निर्वाचित हुए हैं।