भारतीय किसान संघ की तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग आज मुजफ्फरपुर में संपन्न हो गया. तीन सत्रों में विभाजित आज के कार्यक्रम में प्रथम सत्र मुख्यतः चिंतन पर केन्द्रित रहा. इस सत्र में कार्यकर्ताओं के सभी सवालों के जवाब राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष युगल किशोर मिश्र व क्षेत्रीय अध्यक्ष चन्द्रमा चौधरी ने दिये. संवाद और संबोधन नामक द्वितीय सत्र में कार्यकर्ताओं व गाँव से आये किसानो को भारतीय किसान संघ की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी.
आखिरी सत्र में पत्रकार वार्ता की व्यवस्था थी. पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए भारतीय किसान संघ के प्रांत मंत्री गोपाल शाही ने बताया कि तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग में किसान संघ की उपयोगिता और आवश्यकता से किसान भाइयों को अवगत कराया गया. आज के बदलते परिदृश्य में जैविक खेती की उपयोगिता से अवगत कराने हेतु अभ्यास वर्ग में प्रायोगिक सत्र की उचित व्यवस्था की गयी थी. इस तरह के अभ्यास वर्गों से किसानो व कार्यकर्ताओं को कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों व नई तकनीकी के बारे में जानकारी प्राप्त हुई.