मुंगेर, 20 मई। शिक्षा में सुधार एवं धरहरा प्रखंड में महाविद्यालय की कमी सम्बंधित विषयों को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, धरहरा इकाई द्वारा धरहरा में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में धरहरा प्रखंड में सरकारी महाविद्यालय (डीग्री कॉलेज) की कमी को पूरा करने के लिए वर्तमान सरकार से मांग की गई।
धरहरा के छात्रों की मांग- जल्द किया जाये सरकारी महाविद्यालय का निर्माण।
जिला संयोजक बिक्की आनंद ने कहा कि धरहरा प्रखंड के कुल 13 पंचायत में लगभग डेढ़ लाख (1,50,000) आबादी है। इसके बावजूद प्रखंड में एक भी सरकारी या गैरसरकारी महाविद्यालय नहीं है। प्रखंड मुख्यालय से लगभग 18 से 20 किलोमीटर की दुरी पर महाविद्यालय है। संसाधन की कमी होने की वजह से प्रखंड के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते है। बिक्की आनंद ने कहा कि राज्य सरकार इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द करे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड मंत्री प्रीतम कुमार ने किया साथ में विश्वजीत सिंह, विकास, त्रिदेव, पंकज, राजेश, पवन, रामजी महाराज, छोटू, अविनाश, शशि, गुंजन, सोनू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।