पटना के केशव सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

पटना के केशव सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के वातावरण में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पूर्व छात्र, आचार्यगण, पूर्व आचार्य, कर्मचारीगण, अभिभावकगण एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में समारोहपूर्वक मनाया गया। विद्या भारती, उत्तर-पूर्व क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम जी के द्वारा  राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया।  सैनिक स्कूल के कैडेट्स एवं एन.सी.सी. की टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी तथा 40 सदस्यीय घोष दल (बैंड) की धुन पर शानदार मार्च पास्ट एवं परेड की प्रस्तुति दी। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ख्याली राम, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सह सचिव सुनील कुमार, प्रधानाचार्य देवानन्द दूरदर्शी, पूर्व छात्र राकेश रमण एवं पूर्व छात्र अमोल कुमार ने संयुक्त रूप से भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
 
इस अवसर पर ख्याली राम जी ने स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत माँ की जो दो भुजाएं कट गईं हैं, उसे बिना दुबारा जोड़े हमारी आजादी अभी अधूरी है। उन्होंने अखंड भारत के स्वप्न को साकार करने एवं स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सैनिक स्कूल के कैडेट्स ने एक से एक वीरता और साहस के शानदार शारीरिक करतब का प्रदर्शन किया । इसमें कैडेट्स द्वारा आग के चक्र में कूदने एवं ऊँचे मानव पिरामिड के दृश्य ने लोगों को रोमांचित कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक एवं नृत्य का रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
 इस अवसर पर सीबीएसई के 2026 के दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा में शत प्रतिशत अंक की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विषयाचार्य  विष्णु कान्त मिश्र एवं संजय पांडेय को सम्मानित किया गया।
Share This Article: